खूंटी के रेमता डैम में दर्दनाक हादसा,सीएम सुरक्षा में तैनात आरक्षी के बेटे की डूबने से मौत,परिवार में मचा कोहराम….
राँची/खूँटी।झारखण्ड के खूंटी जिला में स्थित रेमता डैम में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया,जहां दोस्तों के साथ घूमने आए एक नाबालिग लड़के की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विवेक राज के रूप में हुई है, जो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सुरक्षा में तैनात विशेष शाखा के आरक्षी ओमकार नाथ का इकलौता पुत्र था।इस घटना के बाद परिवार समेत पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।पुलिस के अनुसार,विवेक अपने फुफेरे भाई अक्षय राज और दोस्तों कार्तिक कुमार व सक्षम सौरभ के साथ बाइक से राँची से रेमता डैम घूमने आया था। चारों युवक डैम किनारे एक पेड़ के नीचे बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान विवेक नहाने के लिए पानी में उतरा और गहराई का अंदाजा लगाने लगा।अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
विवेक को डूबता देख अक्षय ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वह खुद भी पानी में फंस गया। मौके पर मौजूद अन्य दो दोस्तों ने सूझबूझ दिखाते हुए अक्षय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन विवेक गहरे पानी में समा गया।
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि शव को एनडीआरएफ की मदद से बाहर निकाला गया और राँची भेज दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।विवेक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, ऐसे में इस हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
बताया जाता है कि इस घटना की सूचना मिलते ही खूंटी थाना पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ की टीम ने इंस्पेक्टर दिनेश अवस्थी के नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन चलाया और देर शाम विवेक का शव बरामद किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान डीसी, एसपी ऋषभ गर्ग, एसडीओ और डीएसपी वरुण रजक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

