धनबाद: सर्पदंश से भाई-बहन की मौत,एक ही रात में बुझ गए घर के दो चिराग..
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।कोरैया गांव में एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन की सांप के काटने से मौत हो गई।रात तक जो बच्चे मां की गोद में हंस रहे थे, सुबह होते-होते वे हमेशा के लिए खामोश हो गए।इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार,पूर्वी टुंडी प्रखंड की उकमा पंचायत स्थित कोरैया गांव में शनिवार की सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई,जब एक मां ने अपने दोनों बच्चों को बेसुध पाया। छह वर्षीय महिमा सोरेन और तीन वर्षीय रितेश सोरेन रात में रोज की तरह एक साथ सोए थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि रात के अंधेरे में मौत चुपके से उनके बिस्तर तक पहुंच चुकी है।सुबह जब दोनों बच्चों के मुंह से झाग निकलता देखा गया, तो मां की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। परिजन बिना समय गंवाए दोनों मासूमों को लेकर धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे।लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
एक पल में उस घर की सारी खुशियां उजड़ गईं जिस आंगन में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब सिर्फ मातम और सिसकियां सुनाई दे रही हैं।मां बार-बार अपने बच्चों को पुकार रही है, लेकिन अब कोई जवाब देने वाला नहीं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद कमजोर है।बच्चों के पिता श्यामलाल सोरेन तमिलनाडु में मजदूरी कर परिवार का पेट पालते हैं।फोन पर जब उन्हें अपने दोनों बच्चों की मौत की खबर मिली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सैकड़ों किलोमीटर दूर बैठा एक पिता अपने बच्चों का अंतिम दर्शन भी तुरंत नहीं कर सका।
इधर शनिवार को घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची।दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मुखिया, वार्ड सदस्य और ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और सांत्वना दी।

