नेहा राज हत्याकांड: पति का फुफेरी चाची से था अवैध संबंध, फुफेरा चाचा-चाची और पति गिरफ्तार…
कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले में चर्चित नेहा राज हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है।पुलिस ने इस मामले में नेहा राज के पति शंभू राणा के फुफेरा चाचा और फुफेरी चाची को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नेहा के पति शंभू राणा का अपनी ही फुफेरी चाची देवंती देवी के साथ अवैध संबंध था।इसी विवाद और बदले की भावना में इस सनसनीखेज हत्या को अंजाम दिया गया।
शनिवार शाम आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सलैया थाना क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय रोहित राणा और उसकी पत्नी 30 वर्षीय देवंती देवी शामिल हैं। दोनों को पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।पुलिस ने घटना में इस्तेमाल वाहन, हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।पुलिस अब सभी साक्ष्यों को कोर्ट में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है।
एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि 14 मई को कोडरमा थाना क्षेत्र के मिटको कॉलोनी भंडरवा स्थित घर में नेहा राज की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी।घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोडरमा थाना कांड संख्या 92/26 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच के लिए एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह और डीएसपी मुख्यालय रतिभान सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ा।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि नेहा राज के पति शंभू राणा का अपनी फुफेरी चाची देवंती देवी के साथ अवैध संबंध था।इस संबंध को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। पुलिस के अनुसार इसी विवाद ने धीरे-धीरे बदले की भावना का रूप ले लिया। एसपी ने बताया कि हत्या की पूरी साजिश इसी पृष्ठभूमि में रची गई थी।घटना के दिन नेहा राज घर में अकेली थी और उसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूरी योजना के तहत घटना को अंजाम दिया।पुलिस के अनुसार, रोहित राणा और देवंती देवी ने शंभू राणा की गैरमौजूदगी में उसके घर पहुंचकर नेहा राज को अकेला पाया। देवंती देवी ने पहले दुपट्टे से नेहा का गला दबाया, लेकिन जब वह सांस ले रही थी तब रोहित राणा ने घर में रखे चाकू से उसका गला काटकर हत्या कर दी।घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शंभू राणा और देवंती देवी के अवैध संबंध को लेकर अलग से मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में भी शंभू राणा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने बताया कि पूरे प्रकरण में दो अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं।एक मामला हत्या का है, जबकि दूसरा अवैध संबंध और उससे जुड़े विवाद से संबंधित है। पुलिस ने कहा कि मामले में सभी कानूनी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले में कुल तीन लोगों को जेल भेजा गया। इसमें नेहा राज का पति शंभू राणा भी शामिल है।पुलिस का मानना है कि हत्या की साजिश और घटना के पीछे कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर आगे भी जांच जारी रहेगी।घटना के खुलासे के बाद पूरे कोडरमा जिले में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।पारिवारिक रिश्तों, अवैध संबंध और बदले की भावना से जुड़ा यह मामला इलाके में सनसनी का विषय बना हुआ है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले को सुलझाने में तकनीकी साक्ष्यों की अहम भूमिका रही। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी।इसके अलावा स्थानीय लोगों से पूछताछ और मानवीय साक्ष्यों ने भी जांच को सही दिशा दी।पुलिस का दावा है कि वैज्ञानिक तरीके से जांच कर इस चर्चित हत्याकांड का खुलासा किया गया है।

