मासूम ने अपराधियों के मंसूबों पर फेरा पानी;अपहरणकर्ताओं को चकमा देकर भागा…जांच में जुटी है पुलिस..
गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में चांदनी चौक इलाके से शुक्रवार करीब चार बजे सिलिटियर एजुकेशनल एकेडमी में कक्षा पांचवीं के छात्र आरव प्रसाद उर्फ रोलिक का अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े चांदनी चौक के पास से अपहरण कर लिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।आरव के पिता की चांदनी चौक में ही मोबाइल की दुकान है।घटना के अनुसार, शुक्रवार शाम आरव अपने एक मित्र के घर जा रहा था, तभी पीछे से आकर एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे दबोच लिया। इसके बाद वह बेहोश हो गया। रात करीब 10 बजे जब उसे होश आया, तो उसने खुद को एक अनजान जगह पर पाया, जहां दो-तीन लोग संदिग्ध बातें कर रहे थे। स्थिति को भांपते हुए आरव ने अदम्य साहस का परिचय दिया और मौका पाते ही वहां से भाग निकला।
अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भागकर आरव दौड़ते हुए बकसीडीपा पहुंचा। रात का घना अंधेरा और सुनसान सड़क होने के कारण कई वाहन गुजरने के बावजूद किसी ने गाड़ी नहीं रोकी। इसी बीच करीब साढ़े ग्यारह बजे घाघरा निवासी विवेक जायसवाल अपनी कार से लौट रहे थे। आरव ने उनकी गाड़ी को हाथ दिया। विवेक ने जैसे ही गाड़ी रुकवाई, आरव ने घाघरा पहुंचाने की गुहार लगाई। विवेक ने जब गौर से देखा तो बच्चे को पहचान लिया और उसके घरेलू नाम ‘रोलिक’ से पुकारा।अपने परिचित को देख आरव उनसे लिपटकर रो पड़ा और पूरी आपबीती सुनाई। विवेक ने तुरंत उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया।
इधर जब शाम सात बजे तक जब आरव घर नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। संभावित ठिकानों पर खोजबीन के बाद रात करीब 10 बजे परिजनों ने घाघरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। गनीमत रही कि विवेक जायसवाल की सूझबूझ और आरव की बहादुरी से एक बड़ी अनहोनी टल गई।फिलहाल घाघरा पुलिस मामले की गंभीरता से जाँच कर रही है और चांदनी चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।

