मोबाइल हैक कर एसबीआई क्रेडिट कार्ड से शॉपिंग, फ्लिपकार्ट से 97,757 की ठगी, 15 मिनट में हो गई डिलीवरी..
राँची।राजधानी में साइबर अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला ऐसा है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मोबाइल हैक कर साइबर अपराधियों ने एक सरकारी कर्मी के एसबीआई क्रेडिट कार्ड से 97,757 रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग कर ली, और हैरानी की बात यह रही कि ऑर्डर के महज 15 मिनट के भीतर डिलीवरी भी पूरी हो गई। पीड़ित लवण कुमार, जो झारखण्ड मंत्रालय स्थित योजना भवन में कार्यरत हैं, ने इस संबंध में राँची के साइबर अपराध थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
फोन हैक होते ही शुरू हुआ खेल
घटना 30 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 3:37 बजे की है, जब पीड़ित का मोबाइल कथित तौर पर हैक कर लिया गया। इसके बाद बिना किसी ओटीपी या अनुमति के उनके एसबीआई क्रेडिट कार्ड से फ्लिपकार्ट के जरिए दो महंगे प्रोडक्ट ऑर्डर कर दिए गए। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ित के फ्लिपकार्ट अकाउंट से Samsung Galaxy S24 (256GB) – ₹80,808, Mia by Tanishq 24 कैरेट 1 ग्राम गोल्ड कॉइन – ₹16,949, कुल मिलाकर ₹97,757 की खरीदारी की गई।
नोएडा के पते पर डिलीवरी, अमन नाम से ऑर्डर
दोनों ऑर्डर उत्तर प्रदेश के नोएडा (सेक्टर-45) स्थित एक पते पर “अमन” नाम के व्यक्ति को डिलीवर किए गए। पीड़ित का इस नाम या पते से कोई संबंध नहीं है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ऑर्डर प्लेस होने के 15 मिनट के भीतर डिलीवरी पूरी दिखा दी गई, जिससे पूरे घटनाक्रम में किसी संगठित साइबर गिरोह की भूमिका की आशंका जताई जा रही है।

