हाईवा के चपेट में आने से दो युवकों की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर घंटों किया सड़क जाम

 

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के टंडवा की सड़कों पर कोयला ढुलाई में लगे भारी वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है,आए दिन हो रहे सड़क दुर्घटना से टंडवा की सड़कें खुन से लाल हो रही है।इसी क्रम में बुधवार की सुबह प्रखंड कार्यालय के समीप कोयला ढुलाई में लगे हाईवा की चपेट में आने से दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जहां मृतकों की पहचान 28 वर्षीय कुजु निवासी सौरभ उर्फ छोटू मेहता ,32 वर्षीय इटखोरी मोड़ निवासी शशिकांत मेहता के रूप में की गई है।दोनों आपस में ममेरे-फुफेरे भाई बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, शशिकांत मेहता का ट्रक बसरिया के समीप खराब हो गया था,जिसके बाद दोनों लोग स्कूटी से बैटरी लेकर बसरिया की ओर जा रहे थे।इसी दौरान एनटीपीसी से कोयला खाली कर लौट रहे एक तेज रफ्तार हाईवा ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने सड़क जाम कर दिया और मृतकों के परिजनों को नौकरी व मुआवजा देने की मांग करने लगे। हादसे में शामिल हाईवा को घटनास्थल पर ही पकड़ लिया गया है।

बताया जा रहा है कि उक्त वाहन राजेंद्र ट्रांसपोर्ट कंपनी का है,जो हजारीबाग जिले के पकरी बरवाडीह का कोयला एनटीपीसी भेज रहा है।घटना की सूचना मिलते ही टंडवा पुलिस मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को नियंत्रित किया।वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि कोयला ढुलाई में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

error: Content is protected !!