मंडा मेला से लौट रहे युवक पर हमला, मारपीट कर लाइसेंसी हथियार लूट ले गए बदमाश..

राँची।राजधानी में देर रात सड़क पर बदमाशों का तांडव देखने को मिला, जहां मंडा मेला से लौट रहे युवक और उसके दोस्त पर हमला कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया और लाइसेंसी हथियार लूट लिया गया।घटना रातु थाना क्षेत्र के मलमांडु चौक के पास की है, जहां वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित सतीश कुमार महतो (ग्राम काटमकुली, रातु) ने थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।पुलिस ने अज्ञात 5-6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रास्ता रोककर किया हमला

घटना 5/6 मई की देर रात करीब 1 बजे की है।सतीश कुमार अपने दोस्त मदन अरोड़ा के साथ तारूप में लगे मंडा मेला से घर लौट रहे थे।इसी दौरान मलमांडु चौक से कुछ दूरी पहले उल्टी दिशा से आ रही एक पिकअप गाड़ी ने उनकी कार के सामने आकर रास्ता रोक लिया।जब सतीश ने इसका विरोध किया, तो पिकअप से उतरे 5-6 बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया।

लाठी-डंडों से पिटाई, सिर फूटा

बदमाशों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर सतीश कुमार को गंभीर रूप से घायल कर दिया।उनके सिर पर वार किया गया, जिससे काफी खून बहने लगा। बीच-बचाव करने आए उनके दोस्त मदन अरोड़ा को भी बेरहमी से पीटा गया। हमले के दौरान आरोपियों ने सतीश कुमार का लाइसेंसी हथियार छीन लिया और दोनों को अधमरा छोड़कर पिकअप से फरार हो गए।कुछ देर बाद किसी तरह दोनों घायल अपनी गाड़ी से थाना पहुंचे।

बरियातू स्थिति निजी अस्पताल में चल रहा घायलों इलाज

घटना के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रातु भेजा, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बरियातू स्थित एक निजी अस्पताल रेफर किया गया।फिलहाल दोनों का इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

error: Content is protected !!