धनबाद में बड़ा हादसा:मुनीडीह कोल वाशरी में मलबे का ढेर ढहने से 4 मजदूरों की दबकर मौत, तीन शव बरामद

 

धनबाद।झारखण्ड की कोयला राजधानी धनबाद के मुनीडीह स्थित बीसीसीएल की वाशरी में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। स्लरी लोडिंग के दौरान अचानक मलबे का ढेर ढहने से वहां काम कर रहे चार दिहाड़ी मजदूर उसकी चपेट में आ गए। मलबे के नीचे दबने से चारों मजदूरों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, मुनीडीह कोल वाशरी में रोजाना की तरह कामकाज चल रहा था। कुछ मजदूर वहां जमा स्लरी को लोड करने के काम में जुटे थे। इसी दौरान ऊपर से मलबे का एक विशाल हिस्सा अचानक भरभरा कर नीचे गिर गया। मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे सीधे मलबे के नीचे दफन हो गए। हादसे के तुरंत बाद वहां चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों और वाशरी के अन्य कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना प्रबंधन और पुलिस को दी। अब तक राहत दल ने मलबे से तीन मजदूरों के शव निकाल लिए हैं। चौथे मजदूर का शव अब भी मलबे में दबा होने की आशंका है, जिसके लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

error: Content is protected !!