जंगल में प्रेमी जोड़े का मिला शव:लाश के पास जहर की बोतल मिली, आत्महत्या की आशंका,जांच में जुटी है पुलिस….
जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र के जीतपुर जंगल में शनिवार को एक युवक और एक युवती के शव बरामद हुए। झाड़ियों के बीच शव पड़े देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलने पर मिहिजाम थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लिया।पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।प्रारंभिक जांच में मृत युवक की पहचान बोदमा गांव निवासी सागेन हेंब्रम के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर शादीशुदा था।
मृतका की पहचान पश्चिम बंगाल के सालनपुर थाना क्षेत्र के महेशपुर निवासी मालती मुर्मु के तौर पर की गई है।थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल से जहर की एक बोतल बरामद हुई है। प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने जहर खाकर आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्ट रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस इस मामले में आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं से गहराई से जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

