Ranchi:जन्मदिन की पार्टी में बुलाया,पिज्जा में नशा देकर युवती को खिलाया,फिर किया दुष्कर्म,सुबह खून से लथपथ मिली..आरोपी दानिश को पुलिस ने दबोचा….
राँची।राजधानी राँची में दोस्त के जन्मदिन पार्टी के नाम पर बुलाकर एक युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती जमशेदपुर की रहने वाली है और राँची में रहकर एमडीएस की तैयारी कर रही है।युवती ने पुलिस को दिए फर्दबयान में आरोप लगाया है कि पार्टी के दौरान उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया गया।सूचना है कि मामला दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया है।
लड़कियों के नाम पर बुलाया फ्लैट, अंदर थे युवक; कमरे में बंद कर किया वारदात
पीड़िता के मुताबिक, 9 अप्रैल को वह अपने दोस्त ओली विश्वकर्मा के बुलावे पर गोकुल वाटिका स्थित फ्लैट में जन्मदिन पार्टी में शामिल होने पहुंची थी। उसे बताया गया था कि पार्टी में कई लड़कियां भी आएंगी,लेकिन वहां पहुंचने पर उसने देखा कि कुछ युवक पहले से मौजूद थे। उसने असहजता जताई, लेकिन भरोसा दिलाने पर वहीं रुक गई। रात करीब 8 बजे केक काटने के बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ने लगी।आरोप है कि इसी दौरान दानिश नामक युवक ने उसे पिज्जा दिया, जिसे खाने के बाद उसे नशा जैसा महसूस हुआ और आंखों के सामने अंधेरा छाने लगा। वह किसी तरह कमरे में आराम करने गई, जहां दानिश ने दरवाजा अंदर से बंद कर उसकी हालत का फायदा उठाते हुए दुष्कर्म किया।
सुबह होश आने पर युवती ने खुद को खून से लथपथ पाया और गंभीर हालत में थी। उसने घटना की जानकारी अपने दोस्त को दी, जिसने उसे हॉस्टल पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर 11 अप्रैल को उसे ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सहेली के कहने पर पुलिस को सूचना दी गई। लालपुर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का फर्दबयान दर्ज किया है। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

