थाईलैंड से भारत लाया गया कुख्यात गैंगस्टर, विदेश से कारोबारियों को धमकी देकर मांगता था रंगदारी
डेस्क।नई दिल्ली।हरियाणा और एनसीआर में कई अपराधों को अंजाम देने वाले गैंगस्टर साहिल चौहान को हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) थाईलैंड से ले आई है। साहिल चौहान को विदेश से प्रत्यर्पण कराया गया। इसे बीते दिनों थाईलैंड में गिरफ्तार कर लिया गया था बताया गया कि उसे डिपोर्ट करने की कई दिनों से प्रक्रिया चल रही थी। गैंगस्टर शनिवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा, जहां से एसटीएफ टीम उसे लेकर भोंडसी मुख्यालय पहुंची। साहिल चौहान पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उस पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, जबरन वसूली जैसे मामले हैं।
जानकारी के अनुसार, यह एनआईए के रडार पर था और आतंक-गैंगस्टर गठजोड़ के मामले में भी वांछित था। यह विदेश में बैठकर इंटरनेट मीडिया और विदेशी मोबाइल नंबरों से हरियाणा सहित अन्य इलाके के कारोबारियों को धमकी देकर उनसे करोड़ों की रंगदारी मांगता था।
एसटीएफ को इनपुट मिला था कि साहिल चौहान थाईलैंड में है। इसी पर सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे वापस भारत लाया गया। आरोपी पर दर्ज मुकदमों के आधार पुलिस प्रोडक्शन वारंट लेगी।वहीं, गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ में अन्य आरोपियों व विदेशी नेटवर्क का भी पता चलेगा। एसटीएफ आईजी सतीश बालन आज दोपहर साहिल चौहान के प्रत्यर्पण के बारे में भोंडसी मुख्यालय में पत्रकारों को जानकारी देंगे।

