दोस्त की आवाज में आया कॉल… और हवलदार से ठग लिए 54 हजार!
राँची। साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब पुलिसकर्मी भी इनके जाल में फंस रहे हैं। ताजा मामला झारखण्ड उच्च न्यायालय में कार्यरत और जैप- 04 बोकारो के हवलदार प्रेम सागर से जुड़ा है, जिनसे अपराधियों ने दोस्त की आवाज में कॉल कर 53,996 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित प्रेम सागर (51), गढ़वा निवासी, ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को उनका दोस्त बताते हुए कहा कि एक साथी अस्पताल में भर्ती है और ऑपरेशन के लिए तुरंत 70 हजार रुपये की जरूरत है।
ठग ने भरोसा जीतने के लिए उसी आवाज में बात की और एक नंबर (9793661703) पर पैसे भेजने को कहा। पहले 40 हजार रुपये ट्रांसफर करने को कहा गया, लेकिन तकनीकी कारण बताकर पीड़ित को अपने अन्य परिचित के माध्यम से रकम भेजने के लिए कहा गया। झांसे में आकर पीड़ित के परिचित ने 50 हजार रुपये भेज दिए, जबकि खुद प्रेम सागर ने भी अलग-अलग किश्तों में करीब 3,996 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 53,996.46 रुपये ठग लिए गए। इस मामले में प्रेम सागर ने साइबर थाना राँची में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

