थाना में जब्त वाहनों की नीलामी के नाम पर लाखों की ठगी:जामताड़ा साइबर थाना में पोस्टेड सिपाही के खिलाफ गिरिडीह में ठगी की प्राथमिकी दर्ज….
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह में सिपाही के खिलाफ लाखों की ठगी का मामला दर्ज किया गया है। सिपाही जामताड़ा जिले के साइबर थाना में पदस्थापित है।सिपाही गौतम कुमार के खिलाफ बेंगाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है। आरोपी सिपाही मूल रूप से देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के गड़िया गांव का रहने वाला है। प्राथमिकी चपुआडीह पंचायत निवासी महाराज यादव के लिखित आवेदन के आधार पर दर्ज हुई है। प्राथमिक की पुष्टि बेंगाबाद के थाना प्रभारी ने की है।
पीड़ित महाराज यादव ने आरोप लगाया है कि आरक्षी (सिपाही) गौतम कुमार ने गिरिडीह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के करीब आठ लोगों से 39 लाख 60 हजार 500 रुपये की ठगी की है।यह ठगी थाना में जब्त वाहनों की नीलामी करवाकर कम दाम में दिलवा देगा।
थाना को दिए आवेदन में महाराज ने कहा कि उसका संबध पूर्व से सिपाही गौतम से रहा है।दोनों में धनिष्ठता रही है। इसी संबंध का फायदा गौतम ने उठाया। गौतम ने उसे व अन्य लोगों को सस्ते कीमत पर जब्त चारपहिया वाहनों की नीलामी कराने का झांसा दिया।इतना ही नहीं गौतम ने जब्त वाहनों को उसे दिखाया।इसके बाद लोगों से वाहन दिलवाने के नाम पर अग्रिम राशि के तौर पर मोटी रकम ले ली।
एफआईआर में महाराज यादव ने कहा कि पैसे लेने के बाद वह लगातार यह कहता रहा कि नीलामी प्रक्रिया टल गई है। यह कहते कहते एक वर्ष बीत गया लेकिन न वाहन उपलब्ध करवाया और न ही पैसा दिया। बताया कि उसके अलावा जमुआ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी मो. रजाउद्दीन मिर्जा, हरिला के मनोज कुमार यादव, चपूवाडीह मुंडहरि के अरुण कुमार समेत कई अन्य लोग भी इस ठगी का शिकार हुए हैं।कुल ठगी 39 लाख की हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि चपुआडीह पंचायत निवासी महाराज यादव के लिखित आवेदन के आधार पर गौतम कुमार नामक व्यक्ति के खिलाफ ठगी की प्राथमिकी दर्ज की गई है।गौतम जामताड़ा में आरक्षी के पद पर पदस्थापित है। ठगी 39 लाख की बताई जा रही है।मामले की जांच की जारी है।

