चाईबासा:सारंडा में आंधी-तूफान में पेड़ गिरने से कोबरा जवान शहीद, नक्सल अभियान में थे शामिल

 

राँची।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे जोरदार अभियान के बीच एक दुःखद खबर सामने आई है।तेज आंधी तूफान की वजह से सारंडा में एक पेड़ कोबरा के एक जवान पर जा गिरा।इस हादसे में कोबरा के जवान राकेश कुमार शहीद हो गए।

सारंडा में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में मौसम बड़ी बाधा बना हुआ है।मंगलवार देर रात तेज आंधी तूफान की वजह से बाबू डेरा कैंप के पास एक बड़ा पेड़ गिर गया।इस हादसे में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के जवान राकेश कुमार बुरी तरह से घायल हो गए।बुधवार के अहले सुबह उन्हें हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए राँची लाया गया,लेकिन इलाज के दौरान राकेश कुमार की मौत हो गई।

झारखण्ड पुलिस के आईजी अभियान डॉक्टर माइकल राज ने बताया कि सारंडा के बाबू डेरा कैंप के पास तेज आंधी-तूफान में एक पेड़ कैंप के पास गिर गया।इस हादसे में कोबरा के जवान राकेश कुमार शहीद हो गए हैं।

शहीद राकेश कुमार सीआरपीएफ कोबरा बटालियन में सिपाही के पद पर कार्यरत थे। शहीद राकेश बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर के धमनी गांव के रहने वाले थे। परिजनों को राकेश कुमार के शहीद होने की जानकारी दे दी गई है।राँची के सीआरपीएफ कैंप में उनके पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी जाएगी।इसके बाद उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए औरंगाबाद भेजा जाएगा।

error: Content is protected !!