Ranchi:डीआरएम ऑफिस हटिया में सीबीआई की छापेमारी, रेल टिकटों के EQ कोटा आवंटन में बड़ी गड़बड़ी की आशंका..
राँची।राजधानी राँची के हटिया स्थित मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय में बुधवार उस वक्त हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की एक विशेष टीम ने अचानक दबिश दी।मिली जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम कमर्शियल विभाग (वाणिज्य विभाग) में पहुंचकर EQ के आवंटन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि हटिया रेलवे डिवीजन में इमरजेंसी कोटा (EQ) के आवंटन में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं।आरोप है कि जरूरतमंद यात्रियों और आपातकालीन स्थितियों के बजाय, बिचौलियों और रसूखदारों की मिलीभगत से इस कोटे का व्यावसायिक लाभ उठाया जा रहा है।
सीबीआई की टीम कमर्शियल विभाग के उन सभी फाइलों और कंप्यूटर डेटा को खंगाल रही है,जिनमें पिछले कुछ महीनों के दौरान कोटा अलॉटमेंट का रिकॉर्ड है। खबर है कि विभाग के वरिष्ठ लिपिकों और संबंधित रेल अधिकारियों से कोटे के आवंटन की प्रक्रिया और उसके आधार के बारे में पूछताछ की जा रही है।
जांच का एक बड़ा हिस्सा इस बात पर केंद्रित है कि क्या रेल कर्मियों और बाहरी एजेंटों के बीच कोई साठगांठ है, जो पैसों के बदले कन्फर्म टिकट मुहैया कराते हैं।
जैसे ही सीबीआई की टीम कार्यालय पहुंची, रेल प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।टीम ने ऑफिस के प्रवेश द्वारों को नियंत्रित कर लिया और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी। वर्तमान में जांच जारी है और माना जा रहा है कि शाम तक कुछ महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

