दो बाइक में भीषण टक्कर, दो भाई समेत तीन लोगों की मौत,चार घायल..
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिला के हेरहंज थाना क्षेत्र स्थित बरवाटोली ग्राम के पास शनिवार की देर शाम दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में तीन की मौत हो गई।वहीं चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज बालूमाथ अस्पताल में किया जा रहा है।घायलों की स्थिति भी अत्यंत नाजुक बताई जा रही है। मृतकों में हेरहंज थाना क्षेत्र के तासु गांव निवासी दो सगे भाई मनु भुइयां, गुलाब भुइयां शामिल है जबकि तीसरे की पहचान नहीं हो पाई है।
बताया जाता है कि शनिवार को सरहुल के जुलूस में शामिल होने के बाद एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मनु भुइयां, गुलाब भुइयां समेत चार लोग वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक पर सवार सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के क्रम में चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।जबकि चार अन्य घायलों का इलाज जारी है।
थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह पवैया ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया,परंतु चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया है।वहीं चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल आने के बाद जांच के दौरान तीन लोगों को मृत पाया गया। जबकि घायलों में विकास भुइयां, रंजीत भुइयां, कमलेश गंझु, शांति देवी का इलाज जारी है। इनमें दो लोगों को रिम्स रेफर किया जा रहा है।
वहीं थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह ने बताया कि हादसे में मारे गये लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है।
सड़क सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन करना और तेज रफ्तार युवकों के लिए काल साबित हो गया।बताया जाता है कि एक बाइक पर चार युवक सवार थे. वहीं दूसरे बाइक पर एक महिला समेत तीन लोग सवार थे।युवकों ने हेलमेट भी नहीं पहना था। रफ्तार तेज रहने के कारण दुर्घटना इतनी भीषण हुई की तीन युवकों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
बता दें कि जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस विभाग के द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसके बावजूद लोग सड़क सुरक्षा के मामूली नियमों का भी उल्लंघन कर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं.

