Ranchi:करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत… चौथी मंजिल पर काम के दौरान हुआ हादसा…

राँची।जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र के इरबा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मेदांता अस्पताल के पास स्थित ‘एके लॉज’ में भवन निर्माण कार्य के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 35 वर्षीय मजदूर जब्बार अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक जब्बार अंसारी कुटे गांव का रहने वाला था और पेशे से मजदूरी करता था।
चौथी मंजिल के निर्माण के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना मंगलवार की सुबह करीब 11:30 बजे की है। एके लॉज की तीसरी मंजिल पर खड़े होकर चौथी मंजिल के निर्माण के लिए सरिया (लोहे की छड़) लगाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान जब्बार अंसारी द्वारा पकड़ा गया सरिया ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन तार से जा सटा। करंट की चपेट में आते ही जब्बार का शरीर बुरी तरह झुलस गया और निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों द्वारा बिजली विभाग को सूचना देकर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद गंभीर रूप से झुलसे जब्बार को तत्काल पास स्थित मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और बिजली विभाग की टीम जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के कनीय अभियंता (JE), सहायक अभियंता (AE) और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है, जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

