17 बाइक बरामद, तीन शातिर गिरफ्तार: जमशेदपुर समेत कई जिलों में देते थे वाहन चोरी को अंजाम

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांदा थाना पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 17 मोटरसाइकिलें और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के चशोल हवेली डुगरीगोड़ा निवासी प्रभाष महाली, जयप्रकाश महाली उर्फ प्रकाश और सचिन महाली के रूप में हुई है।

ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने मंगलवार को एसएसपी कार्यालय के सभागार में संवाददाता सम्मेलन कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी केवल गुड़ाबांदा क्षेत्र तक सीमित नहीं थे, बल्कि जमशेदपुर शहर समेत पूर्वी सिंहभूम और आसपास के विभिन्न जिलों के थाना क्षेत्रों में बाइक और स्कूटी चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

चोरी की बाइक के साथ मंडप के पास खड़े थे आरोपी

ग्रामीण एसपी के अनुसार, सोमवार रात वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इलाके में अपराध नियंत्रण को लेकर अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ज्वालकट्टा स्थित हरिकीर्तन मंडप और मिलनवीथी हाई स्कूल के आसपास कुछ युवक चोरी की बाइक के साथ मौजूद हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवकों में हलचल मच गई, लेकिन टीम ने तीनों को मौके से दबोच लिया। उनके कब्जे से तीन वाहन बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में ही वाहनों के चोरी के होने का संदेह गहरा गया।

पूछताछ में खुला चोरी की 17 बाइकों का राज

पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने विभिन्न इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों को बरामद करना शुरू किया।

पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इतनी बड़ी संख्या में वाहन बरामद होने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा चोरी के वाहनों को कहां और किसके माध्यम से खपाया जाता था।वाहनों के अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इनमें एक एप्पल आईफोन, एक रेडमी और एक पोको स्मार्टफोन शामिल है। पुलिस अब मोबाइल फोन की जांच के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों और वाहन चोरी से जुड़े नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

कई थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों से होगा मिलान

पुलिस ने बरामद सभी वाहनों का विवरण जुटाना शुरू कर दिया है। संबंधित थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से इन मोटरसाइकिलों का मिलान कराया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कौन-सी बाइक किस स्थान से चोरी हुई थी।

पुलिस को उम्मीद है कि बरामद 17 मोटरसाइकिलों की पहचान होने के बाद कई पुराने वाहन चोरी के मामलों का भी खुलासा हो सकता है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क का पता लगाने की कार्रवाई जारी है।

error: Content is protected !!