Ranchi:क्रेडिट कार्ड ब्लॉक के बाद भी चलता रहा फ्रॉड… क्रेडिट कार्ड से 1.42 लाख की ऑनलाइन ठगी

 

– दो दिन में 5 ट्रांजेक्शन, कस्टमर केयर को सूचना के बावजूद नहीं रुकी कटौती; वर्चुअल कार्ड बना साइबर अपराधियों का हथियार

राँची।साइबर ठगों ने एक बार फिर बैंकिंग सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोअर बाजार निवासी मो. निजामुर रहमान (41) के क्रेडिट कार्ड और वर्चुअल कार्ड से 1,42,163 रुपए की ठगी कर ली गई। हैरानी की बात यह है कि कार्ड ब्लॉक कराने के बावजूद अगले दिन फिर ट्रांजेक्शन हो गए। पीड़ित के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे उनके मोबाइल पर 49,584 रुपए डेबिट होने का मैसेज आया। वे कुछ समझ पाते, उससे पहले 6:52 बजे फिर उतनी ही राशि कट गई। तुरंत उन्होंने HDFC बैंक के कस्टमर केयर पर कॉल कर कार्ड ब्लॉक कराया और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई। अगले दिन जब वे बैंक पहुंचे और अधिकारियों के सामने अपना मामला रख रहे थे, उसी दौरान उनके वर्चुअल कार्ड से पांच और ट्रांजेक्शन हुए, जिसमें 42,995 रुपए और कट गए। इससे साफ हो गया कि ठगों ने वर्चुअल कार्ड का एक्सेस हासिल कर लिया था। मामले में साइबर थाना राँची में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस जांच कर रही है।

error: Content is protected !!