Ranchi:शादी समारोह से लाखों के जेवर और कैश चुराने वाले अंतर्राज्यीय गैंग के शातिर चोर जैकी सोने-चांदी और नकदी के साथ गिरफ्तार

 

राँची।राजधानी राँची की पुलिस ने शादी समारोहों में चोरी करने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने बरियातू थाना क्षेत्र में शादी समारोह से हुई एक हाई-प्रोफाइल चोरी का महज़ कुछ ही दिनों में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है,जिसके पास से करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सोने, चांदी व हीरे के आभूषण और 96,800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

​क्या है पूरा मामला?

​बीती 1 मई 2026 को बरियातू रोड स्थित मैथन मैरेज हॉल में एक शादी समारोह के दौरान अज्ञात चोरों ने दुल्हन का गहनों, रुपयों और मोबाइल से भरा बैग उड़ा लिया था। इस संबंध में बरियातू थाने में कांड संख्या-79/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। ​

CCTV और टेक्निकल सेल की मदद से दबोचा गया आरोपी

​मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सदर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मैरेज हॉल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी इनपुट्स की मदद ली।​तफ्तीश के दौरान पुलिस ने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के सदस्य जैकी सिंह (39 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया।

​बरामद सामानों की विवरणी:
​आभूषण: करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सोने, चाँदी और हीरे के गहने और ​नकदी: 96,800 है।

​गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
​नाम: जैकी सिंह (पिता- नन्दन सिंह)
​निवासी: ग्राम- गुलखेड़ा, थाना- बोड़ा, जिला- राजगढ़ (मध्य प्रदेश)।

गिरफ्तार शातिर चोर जैकी सिंह ने पुलिस को बताया कि  गुलखेड़ा में रहने वाले कई गिरोह है।सभी शादी समारोहों में चोरी करने वाले गिरोह  है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी जैकी सिंह ने पूछताछ में बताया कि गिरोह के सदस्य देश के कई शहरों में विभिन्न शादी समारोहों में शामिल होकर नकदी व जेवरात चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।पूछताछ में बताया कि एक मई को उसने पहले शादी समारोह में शामिल हुए।जिसमें एक 13-14 साल का लड़का भी था।उसने मौका देखते ही बैग गायब कर नाबालिग लड़के को दे दिया।लड़का बैग लेकर शादी समारोह से बाहर आ गया।उसके बाद जैकी भी बाहर आया और बैग लेकर फरार हो गया।हालांकि नाबालिग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।गिरोह के अन्य सदस्य उसे लेकर फरार है।

 

​इस सफल उद्भेदन में सदर डीएसपी के नेतृत्व में बरियातू थाने के सब-इंस्पेक्टर भानु कुमार भारती और सब इंस्पेक्टर जोयदीप बोस की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।राँची पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है।

error: Content is protected !!