झारखण्ड में 201 डीएसपी का ट्रांसफर पोस्टिंग,देखें पूरी लिस्ट…

राँची।झारखण्ड सरकार ने राज्य में बड़े पैमाने पर डीएसपी स्तर के अधिकारियों का ट्रांसफर और पोस्टिंग  किया है।इस सम्बंध में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य पुलिस सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 201 डीएसपी अधिकारियों का तबादला किया है। बुधवार को जारी अधिसूचना के अनुसार कई जिलों के एसडीपीओ, ट्रैफिक डीएसपी, साइबर डीएसपी तथा हाल ही में प्रोन्नत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि जिन अधिकारियों के स्थान पर नए अधिकारियों की पोस्टिंग कर दी गई है लेकिन उन्हें अभी नई जिम्मेदारी नहीं मिली है, वे सीधे झारखण्ड पुलिस मुख्यालय में योगदान देंगे।

 

यहां क्लिक करें-   Transfer Posting

 

गृह, कारा और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कई जिलों के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, यातायात डीएसपी, विशेष शाखा और मुख्यालय में तैनात अधिकारियों को नई जि म्मेदारी सौंपी गई है।इसे राज्य में लंबे समय बाद हुआ सबसे बड़ा पुलिस प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है।

सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार, कई जिलों के एसडीपीओ को नई जगहों पर भेजा गया है।गढ़वा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रहे नीरज कुमार को हटिया का डीएसपी बनाया गया है। वहीं, झारखण्ड जगुआर पुलिस मुख्यालय राँची में पदस्थापित दीपक कुमार को बेड़ो का डीएसपी बनाया गया है। हजारीबाग में झारखण्ड सशस्त्र पुलिस-7 में तैनात मनीष चंद्र लाल को सिल्ली का डीएसपी बनाया गया है।इसी तरह बसिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रहे नाजीर अख्तर को धनबाद मुख्यालय-2 भेजा गया है। बरही एसडीपीओ अजित कुमार विमल को बाघमारा का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है। विशेष शाखा में तैनात लिलेश्वर महतो को निरसा और प्रकाश चंद्र महतो को सिंदरी का एसडीपीओ बनाया गया है।

राजधानी राँची और धनबाद जिले में भी बड़े पैमाने पर अधिकारियों की पोस्टिंग बदली गई है।कई परिवीक्षाधीन डीएसपी अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं।आलोक कुमार सिंह को सीसीआर राँची, अजय आर्यन को डीएसपी मुख्यालय-2 राँची और रामाकांत रजक को यातायात-4 रांची में पदस्थापित किया गया है ताराश सोरेन को यातायात-2 राँची की जिम्मेदारी मिली है।वहीं, प्रदीप कुमार-2 को साइबर डीएसपी राँची बनाया गया है। कुमार विनोद को धनबाद में मुख्यालय-4 का डीएसपी बनाया गया है। इसके अलावा कई अधिकारियों को ट्रैफिक, साइबर सेल और विशेष शाखा में नई जिम्मेदारी दी गई है।

सरकार की इस कार्रवाई को आगामी कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक जरूरतों से जोड़कर देखा जा रहा है।सूत्रों के अनुसार कई जिलों में अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध पर निगरानी, ट्रैफिक प्रबंधन और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बेहतर पुलिसिंग के उद्देश्य से यह व्यापक बदलाव किया गया है। राज्य सरकार का मानना है कि नई पोस्टिंग से पुलिस प्रशासन अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनेगा।जिन जिलों में लंबे समय से अधिकारी तैनात थे, वहां भी बदलाव किया गया है, ताकि कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा लाई जा सके।

अधिसूचना जारी होने के बाद संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द नई जगह पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई जिलों की पुलिस व्यवस्था में इसका असर दिखाई देगा। नई तैनाती के बाद अपराध नियंत्रण, जांच और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

error: Content is protected !!