Ranchi: हरमू में महिला से मोबाइल लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 दबोचे गए
राँची।राँची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू स्थित पटेल चौक के पास एक महिला से चाकू मारकर मोबाइल लूटने की घटना का राँची पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध किशोर को हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चाकू एवं मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 अप्रैल 2026 की दोपहर हरमू के पटेल चौक के समीप मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने एक महिला पर चाकू से हमला कर उसका मोबाइल फोन लूट लिया था। घटना में महिला घायल हो गई थी। इस संबंध में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 102/26 दिनांक 02 मई 2026 को बीएनएस की धारा 309(4)/309(6) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर 19 मई 2026 को हरमू क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों एवं एक किशोर को निरुद्ध किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहम्मद अली उर्फ सुफियान अली (19 वर्ष), पिता मोहम्मद जाहिद तथा अब्बू रेहान उर्फ आर्यन (19 वर्ष), पिता मोहम्मद नौशाद शामिल हैं। दोनों आरोपी निजाम नगर नदी ग्राउंड, थाना हिंदीपीढ़ी, जिला राँची के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या JH01FV6679, चाकू तथा लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

