ड्यूटी पर लौट रहे सीआरपीएफ जवान की ट्रेन से गिरकर मौत, गांव में पसरा मातम
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले से दुखद खबर सामने आई है।बरवाडीह प्रखंड के खुरा गांव निवासी सीआरपीएफ जवान उपेंद्र राम की ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिवार और पूरे गांव में मातम पसर गया। जवान की असामयिक मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।उपेंद्र राम सीआरपीएफ में कार्यरत थे और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात थे। वह छुट्टी बिताने के बाद वापस अपनी ड्यूटी पर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपेंद्र राम ट्रेन से जम्मू-कश्मीर लौट रहे थे।इसी दौरान दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर न्यू अछल्दा रेलवे स्टेशन के समीप अचानक वह ट्रेन से गिर गए। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। साथ ही घटना की सूचना सीआरपीएफ अधिकारियों और मृतक जवान के परिजनों को भी दे दी गई।
जैसे ही जवान की मौत की खबर बरवाडीह स्थित उनके गांव खुरा पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं और लगातार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।बताया जा रहा है कि उपेंद्र राम अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। जवान की अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। परिजन घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार सीआरपीएफ जवान उपेंद्र राम का पार्थिव शरीर बुधवार रात तक गांव पहुंचने की संभावना है। गांव में अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि उपेंद्र राम बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे।उनकी मौत की खबर सुनकर पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग लगातार पीड़ित परिवार के घर पहुंच रहे हैं।
सीआरपीएफ जवान की मौत ने पूरे खुरा गांव समेत आसपास के इलाकों को झकझोर कर रख दिया है।ग्रामीणों ने कहा कि देश सेवा में लगे जवान की इस तरह मौत होना बेहद दुखद है। लोग उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।वहीं गांव के बुजुर्ग और समाजसेवी पीड़ित परिवार को हिम्मत देने में जुटे हुए हैं जवान की मौत से पूरे इलाके में गहरा शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।

