“10 मिनट में घर पहुँच रही हूँ…” फिर बंद हो गया फोन, 17 वर्षीय पायल का शव पुल के नीचे पानी में मिला,जांच में जुटी है पुलिस..

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह शहर के नगर थाना क्षेत्र के सरिसिया सिहोडीह पुराने पुल के नीचे बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पानी में एक 17 वर्षीय नाबालिग युवती का शव तैरता मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरिसिया निवासी योगेश दास की पुत्री पायल कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि पायल इंटर की  छात्रा थी,पढ़ाई के साथ-साथ आसपास के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपनी पढ़ाई का खर्च चलाती थी।

परिजनों के मुताबिक पायल 18 मई से लापता थी। उसकी गुमशुदगी को लेकर थाने में लिखित आवेदन भी दिया गया था। परिवार वालों ने हर जगह उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बताया जा रहा है कि घर से निकलने के बाद पायल की आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उसने कहा था — “10 मिनट में घर पहुंच रही हूं।” इसके कुछ देर बाद ही उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।

लगातार तलाश के बीच बुधवार सुबह पुराने पुल के नीचे एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान पायल कुमारी के रूप में की। बेटी का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

नगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। मोबाइल कॉल डिटेल समेत अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है ताकि पायल की मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके

error: Content is protected !!