जेल की सलाखों के पीछे शर्मनाक खेल! महिला कैदी से यौन शोषण औऱ गर्भवती मामले में JHALSA टीम ने किया जेल का दौरा, सभी पक्षों से की बात…
राँची।राजधानी राँची के बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में महिला कैदी के साथ कथित यौन शोषण व गर्भवती का मामला सामने आने के बाद पूरे झारखण्ड में हड़कंप मच गया है। मामला इतना गंभीर है कि JHALSA की टीम को खुद जेल पहुंचकर जांच करनी पड़ी। सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं!
पीड़िता से पूछताछ,जेल अधिकारियों से सवाल-जवाब और कैदियों के बयान…अब हर तरफ सिर्फ एक ही चर्चा-आखिर जेल के अंदर क्या चल रहा था?
राँची सेंट्रल जेल में महिला कैदी के कथित यौन शोषण मामले ने तूल पकड़ लिया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA) की टीम मंगलवार को जेल पहुंची और पूरे प्रकरण की जांच की। प्रारंभिक जांच में आरोपों के प्रथम दृष्टया सही होने के संकेत मिले हैं। JHALSA की सचिव कुमारी रंजना आस्थाना ने न्यूज एजेंसी को बताया कि JHALSA के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति एस एन प्रसाद के निर्देश पर राँची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) की चार सदस्यीय टीम ने बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार का दौरा किया। टीम का नेतृत्व DLSA सचिव राकेश रौशन ने किया।उन्होंने बताया कि टीम ने पीड़िता, आरोपित अधिकारियों और अन्य कैदियों से पूछताछ की है। हालांकि अंतिम टिप्पणी जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही की जाएगी। रिपोर्ट JHALSA के कार्यकारी अध्यक्ष को सौंपी जाएगी।
इधर, राँची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सोमवार को मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की थी।यह समिति एडीएम लॉ एंड ऑर्डर की अगुवाई में जांच कर रही है, जिसमें जिला समाज कल्याण पदाधिकारी और एक महिला चिकित्सक को भी शामिल किया गया है। प्रशासन ने जल्द रिपोर्ट सौंपने की बात कही है।
बीजेपी ने लगाए बड़े आरोप
भाजपा ने दावा किया है कि महिला कैदी का प्रेग्नेंसी टेस्ट कराया गया था और मामले को दबाने के लिए कथित तौर पर गर्भपात तक करा दिया गया। इतना ही नहीं, जेल आईजी और जेल अधीक्षक पर सबूत मिटाने के आरोप भी लगे हैं।नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब बड़ा सवाल–
क्या जेल की चारदीवारी के भीतर महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है?
क्या सच दबाने की कोशिश हो रही है?
और आखिर दोषियों पर कब होगी कार्रवाई? अब तो जांच रिपोर्ट का पूरे राज्य को इंतजार है

