पड़ोसियों को आई बदबू, ताला खुलते ही उड़ गए होश…कई दिनों से बंद घर में मिला युवती का शव
गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले में केतार थाना क्षेत्र के परती गांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद पक्के मकान से असहनीय दुर्गंध आने लगी। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दंडाधिकारी और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मौजूदगी में जब घर का ताला खुलवाया, तो अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। कमरे के फर्श पर 17 वर्षीय युवती का सड़ चुका शव पड़ा हुआ था। मृतका की पहचान निर्मल सिंह की पुत्री आकृति कुमारी (17 वर्ष) के रूप में हुई है। शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों ने सुबह घर से तेज बदबू आने पर इसकी सूचना थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी को दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने उच्चाधिकारियों को इससे अवगत कराया।इसके बाद दंडाधिकारी-सह-बीडीओ प्रशांत कुमार, इंस्पेक्टर गुलाब सिंह और सीडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।घर पर कोई परिजन मौजूद नहीं था। काफी प्रयास के बाद उत्तर प्रदेश के कोन थाना क्षेत्र (ससुराल) में रह रहे निर्मल सिंह के पुत्र अविनाश सिंह से संपर्क कर उसे बुलाया गया।इसके बाद गढ़वा से बुलाई गई फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम और दंडाधिकारी की उपस्थिति में मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा गया, जिसके बाद भीतर युवती का शव बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार, मृतका के पिता निर्मल सिंह राजस्थान में रहकर मजदूरी का काम करते हैं और कभी-कभार ही गांव आते थे।उनकी बेटी आकृति घर में अकेली रहती थी।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले ही निर्मल सिंह को गांव में देखा गया था, वे राजस्थान से घर लौटे थे, लेकिन इस खौफनाक घटना के सामने आने के बाद से ही निर्मल सिंह का मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। पिता के गायब होने और मोबाइल बंद रहने से पुलिस का शक गहरा गया है। पुलिस का मानना हैं कि यह मामला ऑनर किलिंग का भी हो सकता हैं, फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है।
वहीं,कमरे का दरवाजा बाहर से लॉक था। पुलिस अनुसंधान दल का कहना हैं कि यदि युवती ने आत्महत्या की होती या उसकी स्वाभाविक मौत होती, तो बाहर ताला कौन मारता? पहली नजर में यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फिंगरप्रिंट्स की जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

