राँची पुलिस की बड़ी कार्रवाई: संगठित बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 7 अपराधी गिरफ्तार, 12 बाइक बरामद..
राँची।राजधानी राँची के नामकुम थाना क्षेत्र में सक्रिय एक बड़े संगठित मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का खुलासा करते हुए राँची पुलिस ने 7 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, कटे हुए इंजन पार्ट्स और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी टीम ने की।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई:
पुलिस को 18 मई 2026 की शाम सूचना मिली थी कि एक युवक चोरी की नीले रंग की अपाची बाइक से रामपुर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी के निर्देशन में डीएसपी मुख्यालय वन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।नामकुम थाना पुलिस ने सिदरौल जोड़ा मंदिर के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने अपाची बाइक संख्या JH01EM-3762 के साथ एक युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अभय सिंह उर्फ मन्नु सिंह बताया।
जेल में बनी थी गैंग की योजना:
पुलिस पूछताछ में अभय सिंह ने खुलासा किया कि वह पहले भी बाइक चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। जेल में उसकी मुलाकात वसीम ओहदार उर्फ वसीम आलम से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने मिलकर बाइक चोरी का संगठित गिरोह बनाया।गिरोह के सदस्य राँची और आसपास लगने वाले हाट-बाजारों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी की बाइक की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई जाती थी और फिर उसे दूसरे लोगों को बेच दिया जाता था। बिक्री से मिलने वाली रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
गिरोह के 7 सदस्य गिरफ्तार:
पुलिस ने अभय सिंह की निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों में—
अभय सिंह उर्फ मन्नु सिंह (सारण, बिहार)
वसीम ओहदार उर्फ वसीम आलम (बेडो, राँची)
दानिस आलम (खूंटी)
सरीफ खान (बेडो, राँची)
नसीम अंसारी (नगड़ी, राँची)
तौहिर अंसारी (खूंटी)
मोईन खान (लापुंग, राँची) शामिल हैं।
12 चोरी की बाइक और कटे इंजन बरामद:
पुलिस ने गिरोह के पास से कुल 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें अपाची, स्प्लेंडर, पल्सर, पैशन प्रो और होंडा साइन जैसी बाइक शामिल हैं। कुछ इंजनों को काटकर अलग भी किया गया था ताकि पहचान मिटाई जा सके।
पुराने मामलों में भी शामिल हैं आरोपी:
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अभय सिंह और वसीम आलम पर पहले से कई थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी, फर्जी नंबर प्लेट और जालसाजी के कई मामले दर्ज हैं। दोनों कई बार जेल भी जा चुके हैं।
इस पूरे ऑपरेशन में नामकुम थाना की पुलिस टीम और सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने इसे राँची में बाइक चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।राँची पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य नेटवर्क और खरीदारों की भी जांच की जा रही है।

