सरकारी दफ्तर में दबंगई,पदाधिकारी से मारपीट, जातिसूचक गाली और जान से मारने की धमकी…दो संवेदकों पर FIR दर्ज

 

राँची। लालपुर थाना क्षेत्र में स्थित भवन निर्माण विभाग के कार्यालय में घुसकर सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और जातिसूचक गाली देने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में विभाग के प्राक्कल पदाधिकारी रमेश टुडू ने लालपुर थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराया है। शिकायत के अनुसार, 16 मई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे रमेश टुडू अपने कार्यालय कक्ष में बैठकर सरकारी कार्यों का निष्पादन कर रहे थे। इसी दौरान संवेदक राणा रणजीत सिंह (रातु, राँची) और राणा संतोष कुमार सिंह (पिरो, भवानी नगर, राँची) अचानक उनके कक्ष में पहुंचे और 15 मई को हुई निविदा से संबंधित जानकारी देने का दबाव बनाने लगे।

रमेश टुडू के अनुसार, जब उन्होंने अनाधिकृत रूप से जानकारी देने से इनकार किया, तो दोनों आरोपियों ने जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें अपमानित किया। विरोध करने पर दोनों संवेदकों ने उनके साथ लात-घूंसे से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कार्यालय में मौजूद सुश्री सृष्टि टोप्पो को भी चोटें आईं। आरोप है कि इस घटना के दौरान सरकारी दस्तावेजों को भी नुकसान पहुंचाया गया और कार्यालय का माहौल अशांत कर दिया गया। हल्ला-गुल्ला सुनकर अन्य कर्मचारी जब मौके पर पहुंचे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

error: Content is protected !!