हज़ारीबाग: होटल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, होटल मालिक समेत 4 गिरफ्तार
हज़ारीबाग। झारखण्ड के हज़ारीबाग शहर में पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। कोर्रा थाना क्षेत्र स्थित सिंदूर चौक के पास यमुना पैलेस होटल में छापेमारी कर पुलिस ने होटल संचालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों में होटल संचालक रामेश्वर प्रसाद, कोडरमा निवासी धर्मेंद्र चौधरी, सोनू कुमार तथा लोहसिघना निवासी आसिफ अजहर शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, हज़ारीबाग एसपी अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि यमुना पैलेस होटल में दलालों की मिलीभगत से बाहर से युवतियों को बुलाकर अवैध देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर होटल में छापेमारी की।छापेमारी के दौरान होटल के कमरों से आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया। पुलिस को मौके पर संदिग्ध गतिविधियां भी मिलीं, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए होटल मालिक समेत तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

