वीडियो बनाने के चक्कर में हाथी के निशाने पर आया युवक, नहीं बची जान

 

राँची। ओरमांझी थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। झुंड से बिछड़े हाथियों का वीडियो बनाने की कोशिश एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल इरबा गांव निवासी इफ्तिखार अंसारी की मंगलवार सुबह मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना सोमवार रात ओरमांझी के डहू गांव के पास एक खेत में हुई थी।

बताया गया कि सोमवार को दो जंगली हाथी अपने झुंड से बिछड़कर इलाके में पहुंच गए थे। दोनों हाथियों की मौजूदगी की सूचना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। इसी दौरान इफ्तिखार भी हाथी को देखने और उसका वीडियो बनाने के लिए मौके पर पहुंच गया। वह हाथी का वीडियो बना ही रहा था कि अचानक हाथी ने उस पर हमला कर दिया।

हाथी ने इफ्तिखार को सूंड से पटक दिया। इस दौरान हाथी का दांत उसके पेट में घुस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए मेदांता अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

स्थानीय जानकारी के अनुसार दोनों हाथी सोमवार को अंगदा की तरफ से रुक्का होते हुए क्षेत्र में दाखिल हुए थे। वे डैम के किनारे से रुक्का, करमा और ओरमांझी के चकला हरिजन टोली होते हुए मुन्ना पतरा की ओर बढ़े। इसके बाद दोनों हाथी सिपाही नदी के किनारे आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान डहू गांव के पास इफ्तिखार उनकी चपेट में आ गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। देर रात अभियान चलाकर दोनों हाथियों को गांव और आबादी वाले इलाके से बाहर निकाला गया। वन विभाग की टीम ने दोनों हाथियों को धगजीवन जंगल की ओर पहुंचा दिया। फिलहाल दोनों हाथी जंगल में हैं और विभाग उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है।
वन विभाग की टीम की कोशिश है कि रात के समय दोनों हाथियों को उनके झुंड से मिलाया जाए, ताकि वे दोबारा आबादी वाले इलाके में न पहुंचें। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इधर, इफ्तिखार की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। वहीं, वन विभाग की टीम इलाके में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

error: Content is protected !!