कार में नाबालिग को बिठाकर मांगा नंबर,फिर मांग में भर दिया सिंदूर,दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार
जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना की पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म करने के मामले में एलेक्स गुप्ता उर्फ रूपेश कुमार को गिरफ्तार किया है।वह सिदगोड़ा थाना क्षेत्र एग्रिको का निवासी है और मूल रूप बिहार के मधुबनी जिले के राजनगर थाना के ग्राम बलवा का रहने वाला है।
उसके विरुद्ध बागबेड़ा थाना में 20 मार्च को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर ने बताया कि 15 मार्च 2026 की शाम करीब चार बजे साकची स्थित जुबली पार्क गेट नंबर एक के पास एक कार चालक ने 16 वर्षीय नाबालिग को घर बागबेड़ा छोड़ने के लिए स्विफ्ट कार में बैठाया।
इस दौरान उसने लड़की से मोबाइल नंबर मांगा, जिस पर लड़की ने अपनी मां का नंबर दे दिया। अगले दिन 16 मार्च को आरोपी ने लड़की और उसकी मां को फोन कर पैसे देने और चांडिल डैम घुमाने की बात कही।
वह लड़की को स्टेशन रोड, टाटानगर बुलाकर स्कूटी से साकची ले गया। यहां उसने सिंदूर खरीदकर नाबालिग की मांग में भर दिया। इसके बाद आरोपी नाबालिग को डिमना लेक घुमाने ले गया।लौटने के दौरान डिमना रोड स्थित साई काम्प्लेक्स के बेसमेंट में रुककर उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद वह उसे टाटानगर स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गया। घर लौटने पर नाबालिग ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद मामला बागबेड़ा थाना पहुंचा। आरोपी के विरुद्ध बागबेड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी को तकनीकी साक्ष्य की मदद से खोज निकाला।

