घर से उठा ले गया, फिर कुएं में मिली लाश:राँची में सनसनीखेज हत्या का आरोप..
-महिला ने पीएलएफआई एरिया कमांडर के भाई पर लगाया आरोप; तुपुदाना ओपी में केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
राँची। राजधानी राँची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को घर से जबरन उठाकर ले जाने के बाद उसकी लाश संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं से बरामद हुई है।मृतक की पत्नी ने पीएलएफआई से जुड़े एक आरोपी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता सुषमा तिर्की ने तुपुदाना ओपी में दिए आवेदन में बताया कि उनके पति मनीष तिर्की को 18 मार्च की सुबह करीब 6 बजे महादेव कच्छप नामक व्यक्ति जबरन घर से उठा कर ले गया।
महिला के अनुसार, आरोपी पहले भी उनके पति को जान से मारने की धमकी दे चुका था और लगातार डराता-धमकाता था। महिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जब उन्होंने महादेव कच्छप से फोन पर संपर्क किया, तो उसने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उनका पति उसके घर से चला गया है। हालांकि, जब पीड़िता अपने परिजनों के साथ आरोपी के घर पहुंची, तो वहां स्थित कुएं से उसके पति का शव बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि जिस कुएं से शव मिला, वह आरोपी के घर परिसर में ही स्थित है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में आक्रोश है।

