राजधानी राँची के धुर्वा इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा….दर्जनों राउंड अंधाधुंध फायरिंग,एक युवक को लगी गोली

राँची।राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत मथुरा खटाल मोहल्ला शनिवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा।रात लगभग साढ़े नौ बजे दो दर्जन से ज्यादा युवकों के एक उग्र समूह गाली-गलौज करते हुए मोहल्ले में घुसा और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।हमलावरों ने मोहल्ले में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ की,जिससे दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना के दौरान स्थानीय निवासी भयभीत होकर अपने घरों में दुबक गए। सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।मामले की गंभीरता को देखते हुए राँची के सिटी एसपी पारस राणा, हटिया डीएसपी, जगन्नाथपुर इंस्पेक्टर और धुर्वा इंस्पेक्टर सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया। हालांकि, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

इधर पुलिस ने आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। घटना के बाद मोहल्ले की महिलाएं और स्थानीय लोग धुर्वा थाना पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।स्थानीय निवासियों ने थाना में लिखित आवेदन देकर सागर यादव उर्फ कारगिल,अमन चौहान,शमी सिंह,भीम यादव,करन,यश,हिमांशु,मनीष सिंह ,मनीष,सोमी यादव,आलोक प्रधान,भारती, अमन,इंद्रजीत, उमाकांत,अंकुर ,कुंदन,विकास राज उर्फ टीपू,अंकित,सुभम,नितेश शाह और विकास यादव सहित कई युवकों ने इस घटना में शामिल बताया है।स्थानीय लोगों के द्वारा बताया जा रहा है कि 50 से अधिक राउंड फायरिंग की गई।हालांकि पुलिस एक दर्जन राउंड फायरिंग की बात मान रही है।घटना स्थल से आधा दर्जन से ज्यादा खोखा बरामद किया गया है।

फायरिंग की चपेट में आकर रोशन नामक युवक घायल हो गया, जिसे उंगली में गोली लगी है। उसकी बहन सोनल ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। आवेदन में संगठित अपराधियों के गिरोह द्वारा क्षेत्र में दहशत फैलाने, रंगदारी मांगने और सुनवाई की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। धुर्वा क्षेत्र में इस गिरोह की गतिविधियों से लोग भयभीत हैं।

 

इस मामले में एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि शहर में संगठित अपराध की प्रवृत्ति को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।कार्रवाई जारी है।

error: Content is protected !!