दुमका में कोल ब्लॉक सर्वे करने गई टीम को ग्रामीणों ने बनाया बंधक, छुड़ाने पहुंची पुलिस से खूनी संघर्ष; 12 जवान घायल, दो की हालत गंभीर
–शिकारीपाड़ा के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में आधी रात मचा हड़कंप, पत्थरबाजी और लाठी-डंडों से पुलिस पर हमला; एक जवान का पैर टूटा, कई को अस्पताल में कराया गया भर्ती
दुमका। झारखण्ड के दुमका में कोल ब्लॉक को लेकर विरोध की आग आधी रात को हिंसक टकराव में बदल गई। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में कोल ब्लॉक के सर्वे को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच जमकर संघर्ष हुआ। देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। पत्थरबाजी और लाठी-डंडों से हुए हमले में करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें दो जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक जवान का पैर टूटने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कोल ब्लॉक के सर्वे के लिए कंपनी के अधिकारी रविवार को बादलपाड़ा-कल्याणपुर पहुंचे थे। कंपनी की टीम के इलाके में पहुंचते ही ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीण कोल ब्लॉक के सर्वे का विरोध कर रहे थे। इसी बीच कंपनी के अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद हालात बिगड़ने लगे और ग्रामीणों तथा पुलिस के बीच कहासुनी ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी हुई और लाठी-डंडों से भी हमला किया गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम में पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। करीब 12 जवान घायल हो गए। कई जवानों को गंभीर चोटें लगी हैं। दो पुलिसकर्मियों के सिर में चोट आने के कारण उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, एक जवान का पैर टूट गया है।
आधा दर्जन जवान सदर अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। करीब आधा दर्जन जवानों को बेहतर इलाज के लिए दुमका सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों को रेफर भी किया गया है। घायलों में फूल कुमार यादव, आनंद मुर्मू, चार्लेस मुर्मू, अनिल दास, शिवजी यादव, श्याम सुंदर साह और सुनील हांसदा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान और सिविल सर्जन भी सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल जवानों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
घायल पुलिसकर्मियों की सूची
झड़प में घायल पुलिसकर्मियों में शामिल हैं:
फूल कुमार यादव,आनंद मुर्मू ,सोमाय किस्कू (एएसआई, शिकारीपाड़ा थाना),चार्लेस मुर्मू,सनोज मराण्डी,जीत सोरेन,अनिल दास (55 वर्ष),शिवजी यादव (43 वर्ष),श्याम सुंदर साह (50 वर्ष),अल्बर्ट एक्का (40 वर्ष), दीप नारायण मंडल (38 वर्ष),सुनील हांसदा (41 वर्ष) शामिल है।
कोल ब्लॉक का विरोध बना टकराव की वजह
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत कोल ब्लॉक के सर्वे को लेकर ग्रामीणों के विरोध से हुई। कंपनी के अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। लेकिन अधिकारियों को मुक्त कराने पहुंची पुलिस और विरोध कर रहे ग्रामीणों के बीच स्थिति संभलने के बजाय बिगड़ गई। देर रात हुई इस हिंसक झड़प के बाद बादलपाड़ा और कल्याणपुर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

