हाथियों का कहर:रामगढ़ जिले में तीन लोगों को कुचलकर मार डाला,एक घायल
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के गोला वन क्षेत्र के बंदा, मुरपा एवं धोरधोरिया में जंगली हाथियों के हमले से तीन व्यक्तियों की मौत हो गई, वहीं एक महिला घायल हो गई।घटना आज शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, बंदा क्षेत्र में ईंट भट्ठा पर काम कर रहे तालाटांड पतरातू निवासी 25 वर्षीय धीरज भुइयां और कुजू निवासी 25 वर्षीय युगल भुइयां पर अचानक हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया।दोनों को कुचलकर मौके पर ही मार डाला गया। वहीं, महुआ चुन रहे 70 वर्षीय श्याम देव साहू को भी अपनी चपेट में लेकर कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
धीरज भुइयां अपने पीछे पत्नी सहित दो पुत्र एवं एक पुत्री को छोड़ गये।इसके साथ ही धोरधोरिया सुतरी गांव में महुआ चुन रही एक महिला अदरी देवी 74 वर्ष, पति स्व पहलू बेदिया को भी हाथी ने पटक कर घायल कर दिया।घायल महिला का प्राथमिक इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के प्रभारी वनपाल योगेंद्र कुमार, वनरक्षी मनीष कुमार शर्मा, दीपक सिंहा एवं निलेश पोद्दार मौके पर पहुंचे और मृतकों के परिजनों को तत्काल 25-25 हजार रुपये मुआवजा दिया।शेष 3 लाख 75 हजार रुपये की राशि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कागजी प्रक्रिया के बाद देने की बात कही गई है।
ईंट भट्ठा संचालक ने भी मृतकों के परिजनों को 40-40 हजार रुपये सहायता देने की घोषणा की है।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग की है।

