देवघर:बाबा मंदिर में गश खाकर गिर गए श्रद्धालु, अस्पताल में मौत…केरल से आये थे श्रद्धालु…

 

देवघर। झारखण्ड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में शुक्रवार अहले सुबह एक दुखद घटना सामने आई।केरल से आए 70 वर्षीय श्रद्धालु ई एस नारायणन की अचानक तबीयत बिगड़ गयी और वे मंदिर परिसर में ही गिर पड़े। इस घटना के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं और पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गयी। पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान ई एस नारायणन, पिता इ एन सुब्रमण्यन के रूप में हुई है। वह केरल के पलक्कड़ जिले के इलापुली-1 साउथ के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वे अपने साथियों के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे।

परिजनों के अनुसार, नारायणन अपने तीन साथियों के साथ बाबा मंदिर में जलार्पण कर चुके थे। इसके बाद वे माता पार्वती मंदिर में पूजा करने गए। वहीं अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश होकर गिर पड़े।

घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मंदिर स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया।

सदर अस्पताल पहुंचने पर ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर यह मामला हार्ट अटैक या अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर यह संकेत दिया है कि तीर्थस्थलों पर भारी भीड़ और लंबी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। खासकर बुजुर्गों को नियमित जांच और सावधानी बरतने की जरूरत होती है। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली है और परिजनों को सूचना दे दी गयी है। घटना के बाद मंदिर परिसर में शोक का माहौल है।

error: Content is protected !!