झारखण्ड:मुर्गे के लिए भतीजे ने दोस्तों के साथ मिलकर चाचा की कर दी हत्या…आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी…
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में मुर्गा को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सेरेंगसिया गांव के पदमपुर टोला निवासी 50 वर्षीय दामू सिंकू की हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम को मृतक का अपने भतीजे और पड़ोसियों के साथ मुर्गा को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मिलकर दामू सिंकू पर कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें पहले टोंटो स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां समुचित इलाज नहीं मिलने पर रात करीब 10 बजे सदर अस्पताल, चाईबासा लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए राँची रिम्स रेफर कर दिया, लेकिन एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं होने और आर्थिक तंगी के कारण परिजन उन्हें राँची नहीं ले जा सके। इलाज के अभाव में रात के दौरान ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक व आक्रोश का माहौल है। मृतक के परिजनों ने टोंटो थाना में भतीजे समेत परगना सिंकू, डोबरो सिंकू, किशनू सिंकू और पेलंग सिंकू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी सुकुमार हेंब्रम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।वहीं गुरुवार दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।परिजनों ने देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया।

