राँची में साइबर ठगों ने बुजुर्ग के खाते से 8.07 लाख उड़ाए

 

राँची। राजधानी राँची में साइबर अपराधियों ने एक बुजुर्ग को निशाना बनाते हुए उनके बैंक खाते से 8.07 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली। पीड़ित गणेश लाल भगत (65) जो अशोक नगर निवासी है ने इस संबंध में साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसारवे डोरण्डा स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में अपने खाते से 1.50 लाख रुपये की निकासी करने गए थे। उनके खाते में एलआईसी से लिया गया 11.25 लाख रुपये का लोन और पेंशन की राशि जमा थी। इसी दौरान उनका योनो ऐप ब्लॉक हो गया, जिसे बैंक कर्मचारियों की मदद से दोबारा चालू कराया गया। लेकिन बैंक से निकलने के करीब डेढ़ घंटे के भीतर ही उनके खाते से अवैध निकासी शुरू हो गई। जब वे अपर बाजार में ऑनलाइन भुगतान करने लगे, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ।

पहले आए संदिग्ध मैसेज

पीड़ित ने बताया कि उन्हें अज्ञात मोबाइल नंबरों से बैंक से जुड़े संदिग्ध मैसेज मिले थे। उसी दौरान योनो ऐप भी बंद हो गया था। आशंका जताई जा रही है कि साइबर ठगों ने इसी प्रक्रिया के दौरान उनके खाते तक पहुंच बना ली। घटना का पता चलते ही पीड़ित ने बैंक से संपर्क किया, जहां से उन्हें 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करने को कहा गया। कई बार प्रयास के बावजूद संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद वे साइबर सेल पहुंचे, जहां से उन्हें साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।

error: Content is protected !!