लातेहार: हाइवा की चपेट में आने से युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवा में लगाई आग….
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र के आरागुंडी गांव के पास हाइवा की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक राधेश्याम उरांव की मौत हो गई। इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने हाइवा में आग लगा दी है।घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।लातेहार से दमकल बुलाकर आग बुझाने का प्रयास भी किया गया। परंतु जब तक आग बुझ पाती तब तक हाइवा पूरी तरह जल चुका था।
बताया जाता है कि सदर थाना क्षेत्र के उदयपुरा-बालूमाथ पथ पर तेज रफ्तार हाइवा आ रही थी। वहीं विपरीत दिशा से सदर थाना क्षेत्र के तुबेद गांव निवासी राधेश्याम उरांव अपनी बाइक से आ रहा था।आरागुंडी गांव के पास मुख्य पथ पर बाइक सवार तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आ गया।घटना इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही बाइक सवार की मौत हो गई।
इधर, घटना के बाद आसपास के लोग आक्रोशित हो गए। नाराज लोगों ने हाइवा में आग लगा दी। वाहन में आग लगने के कारण सड़क पर यातायात भी प्रभावित हो गया। कुछ स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी लातेहार पुलिस को दी।थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस की पहल पर लातेहार से फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलायी गयी और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। हालांकि, गर्मी का मौसम होने के कारण आग की लपेट काफी तेज थी,इस कारण वाहन को ज्यादा नुकसान हुआ।थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।दुर्घटना में युवक की मौत हुई है।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव को भी दी।जिला परिषद सदस्य तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। घटना की सूचना मिलने के बाद मुखिया भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की।नाराज ग्रामीण मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजा की मांग कर रहे थे।
वहीं स्थानीय ग्रामीण ने बताया कि युवक की मां और उसके परिवार के अन्य सदस्य पूजा करने के लिए आए थे।पूजा समाप्ति के बाद वह अपने परिवार के लोगों को मोटरसाइकिल से लेने के लिए आ रहा था।इसी दौरान घटना घट गई।

