देवघर पुलिस ने 33 किलो गांजा के साथ 2 तस्कर को किया गिरफ्तार
देवघर।झारखण्ड के देवघर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 किलो गांजा के साथ दो गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी नियमानुसार हिरासत में लिया गया है मामला जिले के कुंडा थाना क्षेत्र का है,जहां गुरुवार को एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा यह विशेष अभियान चलाया गया। एसपी सौरभ ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि यह छापेमारी चितोलोढिया स्थित गंगानगर मुहल्ले में की गई थी, जहां अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े तस्करों को रंगे हाथों पकड़ा गया।गिरफ्तार आरोपियों में स्थानीय निवासी प्रकाश मंडल और बिहार के जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र निवासी अमित कुमार साह शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अमित कुमार साह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत जेल की हवा खा चुका है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 33 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से गांजे के अलावा, तस्करी में प्रयुक्त एक कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे देवघर के किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस का यह कैंपेन लगातार जारी रहेगा।

