जंगल में खून से लथपथ मिला युवक, हत्या की कोशिश,जांच में जुटी है पुलिस..
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के पतरातू-केरेडारी प्रखंड क्षेत्र के हेन्देगिर स्थित लोहरसा जंगल में एक अज्ञात युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।स्थानीय लोगों ने जब युवक को खून से लथपथ हालत में देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।घटना की जानकारी मिलते ही केरेडारी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को जंगल से निकालकर तत्काल पतरातू प्रखंड चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। युवक की हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया।
प्राथमिक जांच में युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। उसकी एक आंख पूरी तरह क्षतिग्रस्त बताई जा रही है, जबकि गर्दन पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान हैं।इन हालात को देखकर साफ अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक पर जानलेवा हमला किया गया है।
युवक की हालत इतनी गंभीर है कि वह फिलहाल कुछ भी बोल पाने या अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं है। इससे पुलिस के सामने उसकी पहचान करना और घटना की सच्चाई तक पहुंचना चुनौती बन गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
घटना को लेकर प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने की कोशिश की गई और हमलावरों ने उसे मरा समझकर जंगल में फेंक दिया।हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और सनसनी का माहौल है।ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।पुलिस ने आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू कर दी है और युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। जैसे ही युवक की पहचान होती है, घटना के पीछे की सच्चाई सामने आने की संभावना है।फिलहाल पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द खुलासा करने की कोशिश में जुटी हुई है।

