बोकारो: गैंगस्टर के नाम पर रंगदारी मांगने वाले गिरोह का खुलासा, सात अपराधी गिरफ्तार…गिरोह के सरगना का हॉफ एनकाउंटर…
बोकारो।अमन साहू गैंग और प्रिंस खान गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने वाले बड़े गिरोह का बोकारो पुलिस ने पर्दाफाश किया है।पुलिस ने सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अपराधियों के पास से हथियार, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं। इसकी जानकारी बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने की है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में मुख्य सरगना प्रिंस कुमार गुप्ता उर्फ भाटिया शामिल है।प्रिंस कुमार गुप्ता पर जिले के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।पुलिस में प्रिंस कुमार गुप्ता के अलावा श्याम कुमार सिंह, अजय सिंह, ओमप्रकाश पाल, जैनेंद्र शुक्ला, गोलू कुमार और भूपेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है।
एसपी ने बताया कि यह गिरोह व्यवसायियों के मोबाइल नंबर जुटाकर बड़े गिरोह तक पहुंचाता था, जिसके बाद उन्हें धमकी देकर रंगदारी मांगी जाती थी।पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से पिस्टल, देसी कट्टा, जिंदा गोलियां, कार्बाइन की दो मैगजीन, मोबाइल फोन, सिम कार्ड बरामद किया है। साथ ही एक स्कूटी जब्त की गई है।
एसपी ने बताया कि प्रिंस कुमार गुप्ता की निशानदेही पर हथियार बरामदगी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर अपराधियों ने फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में प्रिंस कुमार गुप्ता के पैर में गोली लग। जिसे बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि दोनों गिरोह (अमन साहू गैंग और प्रिंस खान गैंग)आपस में मिले हैं इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है , लेकिन ये देश विरोधी काम है।जिसे अंजाम दिया जा रहा था। मामले में आगे की जांच चल रही है।फिलहाल पुलिस गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।
बताया जाता है कि बोकारो में पिछले कुछ दिनों से अमन साहू गैंग के राहुल दुबे और मयंक सिंह गिरोह एवं प्रिंस खान गिरोह का भय दिखाकर व्यवसायियों से रंगदारी मांगी जा रही थी। प्रकाश शुक्ला नामक व्यक्ति के जरिए अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कारोबारियों को धमकी भरे कॉल और मैसेज किए जा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी के नेतृत्व में SIT गठित की गई थी। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों कांडों का उद्भेदन किया और सात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

