पति-पत्नी में हुआ आपसी विवाद तो पति ने जला दिया अपना घर, चपेट में आए पड़ोसी के तीन और मकान;एक महिला गंभीर रूप से झुलसी…आरोपी गिरफ्तार

 

पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ जिले के सिमलोंग ओपी क्षेत्र के छोटा कुटलो गांव में गुरुवार को पति-पत्नी के विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। गुस्से में एक व्यक्ति ने अपने ही घर में आग लगा दी, जिससे चार परिवारों के घर जलकर राख हो गए। घटना में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई है, जबकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ढेणा मुर्मू (35) का अपनी पत्नी लुखीमुनि टुडू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद उसने अपने टाली-लकड़ी के घर में आग लगा दी। आग ने देखते ही देखते आसपास के लखीराम मुर्मू, चुनूस मुर्मू एवं सोनोत मुर्मू के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें तेज होने के कारण ग्रामीणों द्वारा पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास विफल रहा। घटना में चारों परिवारों की लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। लखीराम मुर्मू के घर में रखे नकद रुपये, जमीन के कागजात, अनाज व कपड़े भी जल गए। घटना के दौरान सामान निकालने के क्रम में छमी मुर्मू (50) की साड़ी में आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।

सूचना मिलते ही सिमलोंग ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी ढेणा मुर्मू को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। वहीं बीडीओ सह सीओ संजय कुमार के निर्देश पर मुखिया जोसेफ मालतो ने पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई, जिसमें चावल, वस्त्र एवं तिरपाल शामिल हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और प्रभावित परिवार गहरे सदमे में हैं।

error: Content is protected !!