कोडरमा:रेलवे स्टेशन की पार्किंग में लगी भीषण आग, दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू…

 

कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा स्टेशन के दक्षिणी छोर पर स्थित रेलवे के अधिकृत पार्किंग में गुरुवार देर रात ढाई बजे अचानक भीषण आग लग गई।घटना के समय पार्किंग में लोगों की आवाजाही बेहद कम थी, जिससे जनहानि का खतरा तो टल गया, लेकिन आग तेजी से फैलती तो लाखों रुपये के रेलवे के केबल, बसों और कारों को भारी नुकसान हो सकता था।

आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय वार्ड पार्षद मनीष चौधरी ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड और स्टेशन प्रबंधन को सूचना दी।फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। हालांकि, आग लगातार विकराल रूप ले रही थी और स्थिति पर काबू पाना मुश्किल होता जा रहा था।

इस दौरान फायर स्ट्रिंगर की मदद से आग को फैलने से रोका गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

रात का समय होने के कारण सड़कों पर भीड़ कम थी, जिससे शहर के व्यस्त इलाके में स्थित स्टेशन तक दमकल की गाड़ी आसानी से पहुंच सकी।वार्ड पार्षद मनीष चौधरी ने बताया कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।

वहीं, स्टेशन प्रबंधक विकास कुमार ने भी माना कि समय पर आग पर काबू पा लेने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!