पति को पत्नी के चरित्र पर था शक,गला दबाकर कर दी हत्या,आरोपी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार….

सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र के मीरूडीह में पति-पत्नी के रिश्ते को कलंकित करने वाली एक घटना सामने आई है,जहां महज शक के आधार पर पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मिली जानकारी के अनुसार, आरआईटी थाना क्षेत्र के मीरूडीह बस्ती काली मंदिर के पास एक किराए के मकान में चंद्र मोहन देवगम की पत्नी किरण देवगम अपने एक तीन वर्षीय बेटे के साथ रहती थी।पति चंद्र मोहन देवगम गुजरात में नौकरी करता है, वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी मिलने पर घर आया हुआ था।इस बीच बीती रात दोनों पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ।इसके बाद आक्रोशित पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी।बताया जाता है कि आरोपी पति को शक था कि पत्नी का किसी अन्य के साथ अवैध सम्बन्ध है।

इधर घटना की जानकारी गुरुवार को आरआईटी पुलिस को हुई। जिसके बाद मौके पर आरआईटी थाना प्रभारी सागर लाल महथा पुलिस टीम के साथ पहुंचे और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि पत्नी की गला दबाकर हत्या किए जाने का जुर्म पति ने कबूल कर लिया है। इसके बाद पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया जाता है कि मृत किरण देवगम का एक 5 वर्षीय पुत्र अपने नाना के साथ चाईबासा में रहता है।घटना के बाद मृत महिला किरण देवगम के परिजनों में शोक की लहर है।