Ranchi:स्टेशन रोड में होटल के कमरे में युवक का शव फंदे से लटकता मिला,पुलिस जांच में जुटी है

राँची।राजधानी राँची के स्टेशन रोड में स्थित होटल खालसा में एक युवक का शव मिला। शव फंदे के सहारे पंखे से लटक रहा था।गमछे से फन्दा बनाया गया था। युवक की पहचान आशुतोष पांडेय के रूप में हुई है। वह रातु रोड इलाके में रहता था।सूचना पर पहुँची चुटिया थाना पुलिस ने युवक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और छानबीन चल रही है।वहीं एफएसएल की टीम भी पहुँची है।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दिन के एक बजे उसने होटल खालसा में चेक इन किया था। होटल में यह कहकर रुका था कि शहर से बाहर जाना है। शनिवार की सुबह ट्रेन पकड़ना है। रातू रोड से आने में ट्रैफिक बहुत रहता है। ट्रेन छूट सकती है। वह दो दिन पहले भी इसी होटल में रुका था। उस समय उसका एक दोस्त भी साथ था। इस बार होटल में वह कमरा नंबर 123 में ठहरा था।

बताया जा रहा है आज शनिवार की सुबह वह चेकआउट नहीं किया।वहीं देर तक उसका कमरा भी नहीं खुला। उसने चाय नास्ता का भी कोई ऑर्डर नहीं किया। तब होटल के स्टाफ ने दरवाजा खोला। सामने जो कुछ देखा दंग रह गया। पंखे पर गमछा के फंदे के सहारे आशुतोष की लाश लटक रही थी। होटल में लाश मिलने की फैली खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना चुटिया पुलिस तक पहुंची। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने दो दिन पहले वहां ठहरे आशुतोष के एक दोस्त को भी बुलाया। दोस्त ने बताया कि आशुतोष स्टील के फर्नीचर का काम करता था। बीते कुछ दिनों से किसी कारण से परेशान चल रहा था। इधर, बेटे की मौत की खबर पर घरवाले होटल पहुंच चुके हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है।