एक साथ चार दोस्तों की मौत से मचा हड़कंप, पार्टी के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत…सड़क पर बवाल

पटना। बिहार के बाढ़ अनुमंडल थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में कथित शराब पार्टी के बाद चार युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गयी। बताया जा रहा है कि चारों युवक एक साथ पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते सभी बेहोश होकर गिर पड़े। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण चारों को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान चारों की मौत हो गयी।

चार युवकों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव लेकर बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर पहुंच गये और सड़क जाम कर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते फोरलेन के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया।

ग्रामीणों के अनुसार, चारों युवक दोस्त थे और एक साथ शराब पार्टी कर रहे थे। पार्टी के कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी। अस्पताल की सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रेया शेखर ने बताया कि चारों युवकों को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। ग्रामीणों ने चिकित्सकों को शराब अथवा किसी नशीले पदार्थ के सेवन की जानकारी दी थी।हालांकि, युवकों ने वास्तव में कौन सा पदार्थ लिया था और मौत की असली वजह क्या है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आवश्यक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन को जाम कर दिया। चारों युवकों के शव एंबुलेंस में रखे गये थे और बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर जमा हो गये। सड़क जाम होने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी।सूचना मिलते ही बाढ़ अनुमंडल के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम और ग्रामीण एसपी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया।

एक ही गांव के चार युवकों की अचानक मौत ने पूरे इलाके में कई सवाल खड़े कर दिये हैं। क्या चारों ने जहरीली शराब पी थी, किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया था या मौत की कोई दूसरी वजह थी।इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आयेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

error: Content is protected !!