सेक्स रैकेट का खुलासा:कई राज्यों से नौकरी दिलवाने के झूठा वादा कर लाता था और वेश्यावृत्ति करवाता था,17 महिलाओं का छुड़ाया,9 लोग गिऱफ्तार

डेस्क टीम:
मुंबई पुलिस ने गुरुवार को नवी मुंबई इलाके में छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने कथित रूप से वेश्यावृत्ति में धकेली गईं 17 महिलाओं को भी यहां से छुड़ाया। इसके साथ-साथ दलाल के तौर पर काम करने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान मुंबई पुलिस की मानव तस्करी रोधी इकाई (एएचटीयू) ने पांच अगस्त को चलाया था।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘एक महिला द्वारा चार अगस्त को मानव तस्करी रैकेट में शामिल राजू और साहिल नाम के दो लोगों के खिलाफ शिकायत के बाद बाद कार्रवाई की थी।’

उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत के अनुसार आरोपी अलग-अलग राज्यों की महिलाओं को मुंबई में नौकरी दिलाने का झूठा वादा करके लाते थे।उन्होंने बताया, ‘महिलाओं को मुंबई लाने के बाद, वह उन्हें पड़ोसी शहर नवी मुंबई के नेरुल में एक अज्ञात स्थान पर बंद कर देते थे और उन्हें वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर करते थे।आरोपी उन महिलाओं को वेश्यावृत्ति के लिए लॉज और होटलों में भेजता था और अवैध गतिविधियों के जरिए पैसा कमाता था।’ उन्होंने कहा कि शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए पुलिस के साथ एएचटीयू के चार दलों ने नेरुल के शिरवाने गांव में छापेमारी की और 17 महिलाओं को मौके से छुड़ाया और नौ पुरुषों को गिरफ्तार किया।

भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 370 (मानव तस्करी), 392 (डकैती), 344 और 346 (गलत तरीके से कारावास से संबंधित), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 506 (आपराधिक धमकी), 34 (सामान्य इरादा) के अलावा अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम से संबंधित धाराएं प्राथमिकी में दर्ज की गई हैं। पुलिस ने बचाईं गईं पीड़ितों को महिला सुधार केंद्रों में भेज दिया है, जबकि गिरफ्तार आरोपियों को बुधवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।