रामगढ़ के पतरातू में सीमेंट फैक्ट्री पर ताबड़तोड़ फायरिंग, स्कूटी सवार अपराधियों ने मचाया आतंक

 

रामगढ़। झारखण्ड के रामगढ़ जिले के पतरातू में औद्योगिक क्षेत्र स्थित बन रही सीमेंट फैक्ट्री में बीती रात अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है।ये घटना शनिवार-रविवार की रात लगभग दो से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है, जिसकी सूचना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल व्याप्त हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, तीन अपराधी एक स्कूटी पर सवार होकर फैक्ट्री गेट पहुंचे थे। अपराधियों ने पहले फैक्ट्री और आवासीय परिसर के मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और फिर पर्ची फेंकते हुए मौके से फरार हो गए।

मुख्य गेट पर छह गोलियों के निशान पाए गए हैं, जबकि आवासीय परिसर गेट पर भी दो गोलियों के निशान मिले हैं।सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल से बरामद पर्ची में हर हर महादेव के नारे के साथ प्रकाश शुक्ला और राहुल दुबे के नाम का जिक्र करते हुए धमकी दी गई है। हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है और जांच जारी होने की बात कही है।

घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन के साथ आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, बीते 15 दिनों के भीतर इस तरह की चार से पांच घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस द्वारा कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, लेकिन इसके बावजूद लगातार हो रही घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता नजर आ रहा है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

राहुल दुबे गैंग ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर ली जिम्मेदारी

इधर घटना के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। दावा किया जा रहा है कि राहुल दुबे गैंग ने फेसबुक अकाउंट के जरिए इस गोलीकांड की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में सीधे-सीधे धमकी दी गई है। गैंग ने लिखा है कि यह फायरिंग फैक्ट्री मैनेजर को “समझाने” के लिए की गई है। गैंग का कहना है कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो अगली बार फैक्ट्री के किसी कर्मचारी को नुकसान पहुंचाया जाएगा।

“कान खोलने के लिए फायरिंग की गई”

गैंग के कथित पोस्ट में कहा गया है कि यह गोलीकांड फैक्ट्री मैनेजर को चेतावनी देने के लिए था। पोस्ट में लिखा गया कि “जितना जल्दी हो सिस्टम में आ जाओ, वरना अगली बार फैक्ट्री में किसी कर्मचारी का खोपड़ी खोल देंगे।” इस बयान ने इलाके में डर को और बढ़ा दिया है।

कारोबारियों को भी धमकी, बोला- “छाती पर मारेंगे गोली”

राहुल दुबे गैंग के कथित पोस्ट में केवल फैक्ट्री मैनेजर ही नहीं, बल्कि रामगढ़ जिले के कोयला, स्क्रैप और जमीन कारोबारियों को भी धमकी दी गई है। पोस्ट में कहा गया है कि अगर गैंग के कॉल को नजरअंदाज किया गया या बिना मैनेज किए काम किया गया तो “गोली घर और ऑफिस के गेट पर नहीं, सीधे छाती पर मारेंगे।” यह धमकी अब जिले के व्यापारियों में भी डर का कारण बन गई है।

पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर का आरोप

पोस्ट में गैंग ने पुलिस और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गैंग का दावा है कि वे केवल “दो नंबर” काम करने वालों को निशाना बनाते हैं और प्रशासन अगर कथित “फर्जी एनकाउंटर” बंद कर दे तथा कोयला चोरी का काम रुकवा दे तो वे रामगढ़ में कोई घटना नहीं करेंगे। इस बयान ने मामले को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया है।

error: Content is protected !!