तानों से परेशान युवक बना हत्यारा:महिला की टांगी से हत्या करने के बाद शव खेत में गाड़ा,आरोपी गिरफ्तार

 

चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है,जहां तानों से परेशान एक युवक ने महिला की निर्मम हत्या कर दी।आरोपी ने हत्या के बाद शव को खेत में गाड़ने के बाद सबूत मिटाने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पूरा मामला उजागर हो गया।जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू ने प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी देते हुए बताया कि चिरुपासिया गांव निवासी गंगा गगराई ने फुल टुडिया गगराई की हत्या कर दी। घटना 9 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है।

जांच के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि महिला उसे अक्सर ताने मारती थी, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान था। इसी वजह से उसने पहले से ही हत्या की योजना बना ली थी।घटना के दिन आरोपी टांगी (धारदार हथियार) लेकर रास्ते में छिप गया और जैसे ही महिला वहां से गुजरी, आरोपी ने अचानक हमला कर दिया।उसने महिला के पेट और सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को करीब 500 मीटर दूर ले जाकर खेत में गड्ढा खोदकर गाड़ दिया। इसके बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से हत्या में प्रयुक्त टांगी को कुचिका नदी में फेंक दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की। ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान आरोपी पर शक हुआ।उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की टांगी बरामद की।खून लगे कपड़े और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए।खून लगी मिट्टी, सामान्य मिट्टी, खून लगा गमछा, हरा हाफ टी-शर्ट, नीला फुल पैंट और लोहे की टांगी बरामद की है।

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू के नेतृत्व में टीम गठित की गई, जिसमें जेटेया थाना प्रभारी बोस मुंडा, वासुदेव मुंडा और संजीत कुमार रजक सहित सशस्त्र बल शामिल थे।

error: Content is protected !!